पेटलावद। नगर में नवीन पेयजल योजना के ठेकेदार के द्वारा कृत्रिम पेयजल समस्या पैदा की जा रही है। नगर में गर्मी के दिनों में लोग तो प्याउ लगाकर पेयजल वितरण करते है पर ठेकेदार के द्वारा नगरवासीयों को पानी के लिए तरसाया जा रहा है। जिस कारण से उन्हें प्रतिदिन पानी खरीदना पड रहा है। जिसकी शिकायत उच्च स्तर तक करने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं हो रही है।
नल है पर पानी नहीं ये कैसा पेयजल वितरण।
नगर की नवीन पेयजल योजना मूर्त रूप लेने से पूर्व ही नगरवासियों के लिए परेशानी का सबब बन चुकी है। योजना के प्रारंभ से ही नगर वासियों ने परेशानी का सामना किया है। लगभग 3 वर्ष तक पूरा नगर खोद कर नगरवासियों को परेशान किया गया तो अब योजना पूर्ण होने की स्थिति में है किंतु नलों में पानी नहीं आ रहा है। पूरे नगर में पाइप लाइन डाली गई किंतु आज भी नगरवासी पानी के लिए परेशान हो रहे है। नगर के कई वार्डो में तो आज तक पानी नहीं पहुंचा है। वार्ड क्र.13 के रहवासीयों का कहना है कि नल की टाइमिंग गलत है। और वार्ड क्र.14 में तो वर्ष 2022 से अभी तक नलों में पानी ही नहीं आया। नल जल योजना के ठेकेदार के द्वारा वर्ष 2022 से योजना चालू बताई जा रही है पर नगर के कई क्षेत्रों में पानी ही नहीं आ रहा है। वार्ड क्र.14 के रंगरेज गली में स्थिति यह है कि वहां की वार्ड पार्षद हंसा शिवा राठौड स्वयं शिकायत कर रही है। उन्होंने 181 पर भी शिकायत कर रखी है किंतु कोई सुनने को तैयार नहीं है। नगर परिषद की मिटिंग में भी समस्या उठाई पर नगर परिषद के हाथ में कुछ नहीं होने से वे कोई कार्यवाही नहीं कर पा रहे है।
17 करोड की नल जल योजना की बदहाल स्थिति।
इसके साथ ही नदी क्षेत्र में पुल पर डाले गई पाइप लाइन के पाईप भी नदी में बह गये उनकी सुरक्षा की दिशा ठेकेदार के द्वारा कोई ध्यान नहीं दिया गया। इस योजना के तहत 10 वर्ष का मेंटेंनेंस ठेकेदार का रहेगा। योजना की लागत 17 करोड रूपये है।
नगरवासी पानी खरीद रहे।
नागरिकों को अपना पैसा खर्च कर स्वयं ही पानी खरीदना पड रहा है। टेंकर वालों से पानी खरीद कर आमजन पानी की पूर्ती कर रहे है। नागरिकों का कहना है कि हमें प्रतिदिन 200 रूपये तक का पानी खरीदना पड रहा है। पर समस्या सुनने वाला कोई नहीं है।
वार्ड क्र.14 के रहवासी रेजमल गोरी ने बताया की हम बेरल घर के बाहर रख कर 200 रूपये का पानी भरवाते है। नवीन पाईप लाइन में आज तक पानी नहीं आया।
वार्ड क्र.14 के रहवासी राहुल राठौड का कहना है कि नलों में पानी ही नहीं आ रहा है। केवल कागजों पर योजना पूर्ण कर ली गई है। वास्तवीकता देखना हो तो वार्ड क्र.14 में देख सकते है।
वार्ड क्र.13 के रहवासी रवि पंवार का कहना है कि दोपहर में 3.30 बजे नल आते है। और वह भी केवल 20 मिनिट के लिए आता है। जिसमें पूर्ती नहीं होती है। हमारी मांग है नल का समय बदल कर 40 मिनिट के लिए नल दिये जाये।
नल जल योजना व्यवस्था देख रहे संदीप कुमार सिंह का कहना है कि 122 कनेक्शन नहीं चल रहे है। वहीं वार्ड क्र.14 में जुगाड से पानी भेजा जा रहा है।

