News@ हरिश राठौड़
पेटलावद आदिवासी संस्कृति का अनूठा संगम देखने को मिला जब भगोरिया के अवसर पर कांग्रेस और जयस द्वारा भव्य गेर निकाली गई। आदिवासी एकता और परंपरा के रंग में डूबे इस आयोजन में ढोल-मादल की थाप पर समाजजन जमकर थिरके। कार्यक्रम की शुरुआत तहसील परिसर से कांग्रेस की गैर के साथ हुई, जिसका नेतृत्व पूर्व विधायक वालसिंह मेडा ने किया। इस दौरान ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सलीम शेख और उपाध्यक्ष भरत मुलेवा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता पारंपरिक वेशभूषा में ढोल की थाप पर नाचते-गाते शामिल हुए। इसके बाद जयस एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल ऐतिहासिक गैर निकाली गई, जो शहर के मुख्य मार्गों से गुजरते हुए आदिवासी संस्कृति का प्रदर्शन करती रही। अंचल भर से आए आदिवासी समाज के लोगों ने अपने पारंपरिक वाद्ययंत्रों के साथ इस उत्सव को यादगार बना दिया।
इस बार भगोरिया में राजनीतिक हलचल भी चर्चा का विषय रही। जिले भर के अन्य भगोरिया आयोजनों में भाजपा की सक्रिय उपस्थिति के बावजूद, पेटलावद में कैबिनेट मंत्री निर्मला भूरिया का विधानसभा क्षेत्र होने के बावजूद भाजपा द्वारा गैर का आयोजन नहीं किया गया, जो शहर में चर्चा का केंद्र बना रहा। वहीं, नगर परिषद द्वारा हमेशा की तरह इस बार भी शरबत पिलाकर गैर में शामिल लोगों का आत्मीय स्वागत किया गया।


