थांदला जनसुनवाई में 119 आवेदनों पर सुनवाई, कलेक्टर ने दिए त्वरित निराकरण के निर्देश....

 



थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट 

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा मंगलवार को थांदला में विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई आयोजित की गई। जनसुनवाई में नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर ने संबंधित विभागों को त्वरित एवं आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


जनसुनवाई में ग्राम परवाड़ा के धोबड़ी फलिया के ग्रामीणों ने धोबड़ी फलिया से लिमड़ी फलिया स्कूल तक लगभग एक किलोमीटर मार्ग पर पक्की सड़क नहीं होने की समस्या बताई। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग अत्यंत खराब स्थिति में है, जिससे वाहन आवागमन बाधित होता है तथा बच्चों को स्कूल आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। बारिश के समय सड़क पर कीचड़ एवं पानी भर जाने से मार्ग पूरी तरह बंद हो जाता है। इस पर कलेक्टर ने जांच कर आवश्यक कार्यवाही करने तथा आवेदकों को सूचित करने के निर्देश दिए।


गांधी चौक थांदला निवासी श्री रणछोडलाल पिता रामचंद्र चिकलीगर एवं श्रीमती शारदा पति रणछोडलाल चिकलीगर ने वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ नहीं मिलने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने सामाजिक न्याय विभाग को पेंशन प्रारंभ करने तथा दोनों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के निर्देश दिए।


ग्राम भेरूपाड़ा निवासी श्री कलसिंह माल ने आवेदन देकर बताया कि ग्राम की शासकीय भूमि सर्वे नंबर 650 पर कुछ व्यक्तियों द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया है, जिससे आम लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही उक्त भूमि पर स्वीकृत सड़क निर्माण कार्य भी बाधित किया जा रहा है। उन्होंने शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर सड़क निर्माण प्रारंभ कराने की मांग की।


ग्राम रुंडीपाड़ा निवासी श्री कालू भावचंद डामोर ने खाद्यान्न पर्ची चालू करवाने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक दस्तावेज ग्राम पंचायत सचिव को जमा कराने के बावजूद खाद्यान्न पर्ची प्रारंभ नहीं की गई है, जिससे परिवार को राशन प्राप्त नहीं हो पा रहा है।


ग्राम तलावली के ग्रामीणों ने खाली फलिया में गंभीर पेयजल संकट की समस्या से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि दो फलियों के लोगों को लगभग दो किलोमीटर दूर से पानी लाना पड़ रहा है तथा गांव के हैंडपंप सूख चुके हैं अथवा खराब पड़े हैं। ग्रामीणों ने सुरमल पिता सकरिया वसुनिया के घर के सामने मुख्य मार्ग पर नए हैंडपंप खनन की मांग की। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए।


ग्राम सेमलिया मुणिया फलिया के ग्रामीणों ने गांव में पेयजल, सड़क एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी की समस्या बताई। ग्रामीणों ने कहा कि बारिश के मौसम में मार्ग नहीं होने से आवागमन में अत्यधिक परेशानी होती है तथा गांव में पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है।


सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थांदला अंतर्गत कार्यरत आउटसोर्स कर्मचारियों (डाटा एंट्री ऑपरेटर एवं मल्टी स्किल ग्रुप-डी) ने आवेदन देकर बताया कि उन्हें पिछले चार से पांच माह से मानदेय प्राप्त नहीं हुआ है, जिससे आर्थिक एवं पारिवारिक समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इस पर कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सात दिवस में आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।


हितलाभ वितरण

जनसुनवाई के दौरान लाड़ली लक्ष्मी योजना अंतर्गत कुमारी सोनाक्षी चौहान को आश्वासन पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही 70 वर्ष से अधिक आयु के दो हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए तथा तीन हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए।


थांदला में आयोजित जनसुनवाई में कुल 119 आवेदन प्राप्त हुए। वहीं जिला मुख्यालय पर अपर कलेक्टर श्री सी.एस. सोलंकी एवं संयुक्त कलेक्टर श्री विजय कुमार मंडलोई द्वारा आयोजित जनसुनवाई में कुल 90 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।


इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्र सिंह चौहान, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला श्री भास्कर गाचले, डिप्टी कलेक्टर श्री महेश बड़ोले, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती रीतिका पाटीदार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.