थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
जागरूकता अभियान के अंतर्गत चौकी खवासा टीम एवं रक्षा सखी टीम द्वारा आज शनिवार को खवासा हाट, बस स्टैंड, चौकी खवासा क्षेत्र में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों को बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में बताते हुए अपने बच्चों को कम से कम 12वीं कक्षा तक नियमित रूप से विद्यालय भेजने हेतु प्रेरित किया गया। साथ ही कम उम्र में बालक-बालिकाओं का विवाह न करने तथा विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनः शिक्षा से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति विशेष रूप से जागरूक किया गया। बताया गया कि वर्तमान समय में साइबर ठगी के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को सतर्क रहने की आवश्यकता है। लोगों को समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति द्वारा फोन कॉल, मैसेज, ई-मेल अथवा सोशल मीडिया के माध्यम से बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, सीवीवी नंबर, यूजर आईडी, पासवर्ड या अन्य व्यक्तिगत जानकारी मांगे जाने पर किसी भी स्थिति में साझा न करें।
ग्रामीणों को बताया गया कि साइबर अपराधी फर्जी लिंक, केवाईसी अपडेट, बिजली बिल जमा करने, लॉटरी जीतने, नौकरी दिलाने, निवेश पर अधिक लाभ देने, ऑनलाइन खरीदारी एवं सोशल मीडिया हैकिंग जैसे विभिन्न तरीकों से लोगों को ठगी का शिकार बनाते हैं। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा ऑनलाइन भुगतान करने से पहले संबंधित वेबसाइट एवं व्यक्ति की सत्यता की जांच अवश्य करें।
सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, मजबूत पासवर्ड रखने, समय-समय पर पासवर्ड बदलने तथा मोबाइल एवं बैंकिंग ऐप्स में उपलब्ध सुरक्षा सुविधाओं का उपयोग करने की सलाह दी गई। साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा संबंधित थाना एवं पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया। नागरिकों को बताया गया कि साइबर अपराध होने पर जितनी शीघ्र शिकायत दर्ज कराई जाएगी, ठगी गई राशि को वापस प्राप्त करने की संभावना उतनी ही अधिक रहती है।
इसके अतिरिक्त महिला हेल्पलाइन नंबर 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 एवं आपातकालीन सहायता हेतु डायल 112 की जानकारी प्रदान की गई। महिला अपराधों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा करते हुए महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति जागरूक किया गया।
नशे के दुष्परिणामों के बारे में विस्तार से समझाते हुए नशामुक्ति हेल्पलाइन की जानकारी दी गई तथा युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील की गई। यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने एवं यातायात नियमों का पालन करने हेतु प्रेरित किया गया

