![]() |
News हरिश राठौड़
झाबुआ 26 मार्च, 2024। जिले में लोकसभा चुनाव की तैयारियां जारी है। इसके तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना के निर्देशानुसार जिले में सभी 3 विधानसभा क्षेत्रों के लिये ईव्हीएम जिसमें बेलेट यूनिट (बीयू), कंट्रोल यूनिट (सीयू) तथा वीवीपेट शामिल हैं आवंटित की गई। आवंटन के पश्चात उक्त सामग्री विधानसभा क्षेत्रवार स्ट्रॉग रूम में पूर्ण सुरक्षा के साथ रखी जायेगी।
इस दौरान जिले की सभी 3 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 981 मतदान केन्द्रों पर रिजर्व सहित 1176 बीयू और सीयू तथा 1274 वीवीपेट का आवंटन किया गया। जिले के झाबुआ विधानसभा क्षेत्र में 356 मतदान कन्द्रों में 427 बीयू और सीयू एवं वीवीपेट 462, विधानसभा क्षेत्र थांदला में 304 मतदान केन्द्रों के लिये 364 बीयू और सीयू एवं वीवीपेट 395 और विधानसभा क्षेत्र पेटलावद में 321 मतदान केंद्रों के लिये 385 बीयू और सीयू एवं वीवीपेट 417का आवंटन किया गया।
समस्त मशीने सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की अभिरक्षा में सम्बंधित विधानसभा के लिए जीपीएस से सुसज्जित कवर्ड वाहन से लेजाया गया। विधानसभा क्षेत्रवार स्ट्रॉग रूम के डबल लॉक में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल अनुसार सुरक्षित रखी जायेगी। उक्त प्रक्रिया राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में संपन्न।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्री अनिल राठौर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री सत्यनारायण दर्रो, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री हरिशंकर विश्वकर्मा, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थांदला श्री तरुण जैन, कार्यपालन यंत्री जलसंसाधन विभाग श्री विपिन पाटीदार, जिला कोषालय श्रीमती ममता चंगोड एवं अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।

