थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
थांदला। ग्राम पंचायत कलदेला के उड़ीखाली फलिया में गुरुवार शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान और उसके दो बैलों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान कलजी मईड़ा पिता मडिया मईड़ा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6 बजे कलदेला क्षेत्र में तेज बारिश के साथ बादलों की गर्जना हो रही थी। इसी दौरान किसान कलजी मईड़ा अपने खेत में बुवाई की तैयारी के लिए बैलों से बखर द्वारा जुताई कर रहा था। तभी अचानक तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली सीधे किसान और दोनों बैलों पर गिर गई।
बिजली गिरने का धमाका इतना तेज था कि आसपास के खेतों में काम कर रहे किसान भी घबरा गए। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो किसान कलजी मईड़ा और दोनों बैल मृत अवस्था में पड़े मिले।
ग्रामीणों ने तत्काल निजी वाहन की सहायता से किसान को थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

