कलेक्टर की अध्यक्षता में नेगड़िया में चुनावी चौपाल का आयोजन....

 


    News@ हरिश राठौड़  

        झाबुआ 12 अप्रैल 2024। कलेक्टर और जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना की अध्यक्षता में नेगड़िया ग्राम के मतदान केंद्र क्रमांक 38 और 39 में स्वीप गतिविधियों के तहत मतदाता जागरूकता के लिए चुनावी चौपाल का आयोजन किया गया। नेगड़िया ग्राम पंचायत के तड़वी  फलिये में पंचायत निर्वाचन के दौरान दो पक्षों में लड़ाई हुई थी, जिसके चलते आज कलेक्टर व एसपी द्वारा चुनावी चौपाल का आयोजन किया गया।

        कलेक्टर द्वारा स्वयं सहायता समूह की दीदियों द्वारा  मतदाता जागरूकता के लिए बनाई गई रंगोली की प्रशंसा की गई। चुनावी चौपाल में मतदाताओं से चर्चा की गई जिसमे युवा मतदाताओं को आगे आकर अपने क्षेत्र में मतदान का प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रेरित किया गया और स्वेच्छा से  सहयोग देने के लिए जागरूक युवाओं का दल बनाया गया जो शत प्रतिशत और शांतिपूर्वक मतदान के लिए प्रयास करेंगे। इसी के साथ महिला शक्ति से भी मतदान के लिए आव्हान किया गया। कलेक्टर ने बताया कि नेगड़िया में आकर सकारात्मक अनुभूति हो रही है, जिस ग्राम के तड़वी का इस आयु में मतदान के प्रति जज़्बा है तो युवा वर्ग से तो शत प्रतिशत मतदान की अपेक्षा की जा सकती है। इसी दौरान स्थानीय भीली बोली में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदान हेतु शपथ दिलाई गई जिसमे बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।

          चुनावी चौपाल में पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल ने मतदाताओं को जागरूक किया  और शान्तिपूर्वक मतदान कर क्षेत्र का नाम शत प्रतिशत मतदान केंद्र में लाने के प्रयास करने के लिए प्रेरित किया ।

      इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व झाबुआ श्री हरि शंकर विश्वकर्मा, एसडीओपी, तहसीलदार श्री संजय गर्ग , सीईओ जनपद श्री पी सी वर्मा एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.