News@ हरिश राठोड़
रतलाम। मिलावटी दूध बनाने की आशंका में रविवार को सुबह प्रशासन की टीम ने शहर से लगे गांव डेलनपुर स्थित प्लांट पर छापामार कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अनिल भाना के नेतृत्व में प्रशासन की टीम ने दूध प्लांट पर छापा मारा। यहां से खाद्य विभाग के अधिकारियों ने दूध एवं वहां मिली अन्य सामग्री के सैंपल एकत्रित किए।
कलेक्टर राजेश बाथम को सूचना मिली थी कि डेलपुर में बालाजी टाउनशिप के पीछे स्थित एक दुग्ध प्लांट में मिलावटी दूध तैयार किया जा रहा हैं। सूचना की तस्दीक के लिए कलेक्टर के निर्देश पर एसडीएम अनिल भाना,सीएसपी अभिनव वारंगे, औद्योगिक क्षेत्र थाना प्रभारी राजेन्द्र वर्मा, तहसीलदार और खाद्य विभाग के अधिकारियों की टीम संयुक्त रूप से डेलनपुर स्थित दुग्ध प्लांट पर पहुंची। कार्रवाई के दौरान टीम को यहां से कुछ थैलों में पाउडर और कास्टिक सोडा के खाली पैकेट भी मिले। श्री गणेश दूध भंडार (कारखाना)प्लांट के संचालक राहुल पाटीदार का कहना था कि कास्टिक सोडा के जो खाली पैकेट मिले है वह मशीनों की सफाई के लिए थे। सूत्रों के अनुसार प्लांट से बड़ी मात्रा में दूग्ध शहर और जिले सहित अन्य जिलों में भी पहुंचाया जाता हैं। बताया जा रहा है कि यह दूग्ध गुजरात एवं अन्य जिलों के साथ ही एक नामी ब्रांड को भी बेचा जा रहा हैं। इस दौरान सीएसपी अभिनव बारंगे, खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा, तहसीलदार ऋषभ पटवारी, तेजवीर चौधरी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे
दुग्ध प्लांट पर कार्रवाई के दौरान कलेक्टर राजेश बाथम भी मौके पर पहुंचे और पूरे प्लांट का स्वयं निरीक्षण किया। उन्होंने सभी मशीनों को देखा और दुग्ध तैयार करने की प्रक्रिया को भी समझा कलेक्टर के निर्देश पर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने प्लांट में तैयार हुए दूध के साथ ही वहां मिली अन्य सामग्रियों के सैंपल एकत्रित किए हैं। सैंपल की रिपोर्ट दो से तीन दिन में आने की संभावना जताई जा रही हैं।
इनका कहना
कलेक्टर को मिलावटी दूग्ध को लेकर सूचना मिली थी। जिसके बाद उनके निर्देश पर प्रशासन की टीम ने डेलनपुर स्थित दूग्ध प्लांट पर पहुंचकर जांच की कार्रवाई की हैं। मौके पर कुछ पाउडर जैसा पदार्थ मिला हैं। दूध एवं अन्य सामग्री के सौंपल लिए गए हैं। जांच में सारी स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। एक-दो दिन में रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अनिल भाना, एसडीएम रतलाम शहर


