पेटलावद।मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल द्वारा दिनांक 09 अक्टूबर 2025 से 15 अक्टूबर 2025 तक प्रदेश के विभिन्न शहरों में स्कूल शिक्षा विभाग के माध्यमिक शिक्षक के 13009 पदों हेतु चयन परीक्षा-2025 आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में प्रदेश भर से 1,03,494 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
इस कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच झाबुआ जिले की तहसील पेटलावद के ग्राम अमरगढ़ निवासी हेमेन्द्र पाटीदार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश की सामान्य मेरिट सूची में 97वां स्थान तथा अपनी श्रेणी में 18वां स्थान प्राप्त कर न केवल अपने ग्राम अमरगढ़ बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है।
हेमेन्द्र पाटीदार की इस उल्लेखनीय सफलता से गांव में खुशी का माहौल है। परिवारजन, मित्रों तथा ग्रामवासियों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
ग्रामवासियों का कहना है कि हेमेन्द्र की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी और आने वाले समय में अधिक से अधिक युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगे।
इस उपलब्धि पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजजनों और शिक्षाविदों ने भी हेमेन्द्र पाटीदार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

