थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
थांदला । आम आदमी पार्टी (आप) के झाबुआ जिला अध्यक्ष कमलेश सिंगाड़ साइबर ठगी का शिकार हो गए हैं। अज्ञात शातिर व्यक्ति द्वारा उनके नाम और फोटो का उपयोग कर एक फर्जी व्हाट्सएप आईडी बनाई गई है, जिसके माध्यम से लोगों से पैसों की मांग की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, फर्जी आईडी से कई लोगों को संदेश भेजकर आर्थिक सहायता के नाम पर रुपए मांगे गए। मामला सामने आने के बाद कमलेश सिंगाड़ ने तुरंत इसकी जानकारी झाबुआ पुलिस को दी तथा लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
बताया जा रहा है कि मोबाइल नंबर 7027255895 से लोगों को संदेश भेजकर धनराशि की मांग की जा रही है। जिला अध्यक्ष ने स्पष्ट किया है कि यह नंबर उनका नहीं है और न ही उन्होंने किसी से व्हाट्सएप के माध्यम से पैसों की मांग की है।
कमलेश सिंगाड़ ने अपने सभी साथियों, कार्यकर्ताओं एवं शुभचिंतकों से निवेदन किया है कि यदि उनके नाम से किसी भी प्रकार की धनराशि मांगने वाला संदेश या कॉल प्राप्त हो, तो उसकी जानकारी तुरंत उन्हें अथवा पुलिस को दें और किसी भी स्थिति में पैसे न भेजें।
उन्होंने कहा कि लोगों की सतर्कता और जागरूकता ही इस प्रकार की साइबर धोखाधड़ी को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है। वहीं पुलिस ने भी लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान या संदिग्ध संदेश पर विश्वास न करें और पैसे भेजने से पहले संबंधित व्यक्ति से सीधे संपर्क कर सत्यापन अवश्य करें।

