प्रशासनिक आदेश के खिलाफ समूह संघ ने बैठक का आयोजन कर कलेक्टर कार्यालय घेराव का लिया निर्णय...

 




News हरिश राठौड़

 पेटलावद तहसील क्षेत्र के स्वयं सहायता समूह संघ ने आज स्थानीय कृषि उपज मंडी में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया , इस बैठक में समूह संघ के अध्यक्ष सुरजी भगोरा एवं वनवासी कृषि एवं ग्रामीण मजदूर संघ म.प्र. के प्रदेश उपाध्यक्ष सोमजी भूरिया विशेष रूप से उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य प्रशासन द्वारा जारी एक विवादित आदेश का विरोध करना था, जिसमें महिला एवं बाल विकास अधिकारी झाबुआ ने स्वयं सहायता समूह एवं रसोइयों को हटाकर सहायिका से खाना बनवाने के आदेश दिए थे।


बैठक के दौरान समूह संघ ने इस आदेश के खिलाफ अपने विरोध का ऐलान किया और धरना प्रदर्शन एवं झाबुआ जिला कार्यालय का घेराव करने की तैयारी की घोषणा की। संघ ने निर्णय लिया कि पेटलावद तहसील क्षेत्र की विधायिका एवं महिला एवं बाल विकास मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया से मुलाकात कर इस विषय पर चर्चा की जाएगी और समूह के साथ न्याय करने की मांग की जाएगी। संघ ने यह भी मांग की कि प्रशासन द्वारा जारी आदेश को निरस्त किया जाए और पुनः यथावत स्थिति लागू की जाए।


इस विशाल बैठक में पेटलावद तहसील के सभी स्वयं सहायता समूह के अध्यक्ष, सचिव और अन्य महत्वपूर्ण सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने अपने साथ हो रहे इस अन्याय के खिलाफ आवाज उठाने का निर्णय लिया। 

समूह संघ और मजदूर संघ ने सभी समूहों को आश्वासन दिया कि वे किसी भी स्थिति में समूह एवं रसोइयों को नहीं हटाने देंगे।

सोमजी भूरिया ने समूह को संबोधित करते हुए कहा, "हम आपकी आवाज को प्रदेश तक पहुंचाएंगे और मजदूर संघ आपके कंधे से कंधा मिलाकर इस लड़ाई में आपका साथ देगा।"

बैठक में पेटलावद तहसील के समस्त स्वयं सहायता समूह की महिलाएं विशेष रूप से उपस्थित थीं, जिन्होंने अपने साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ एकजुट होकर लड़ने का संकल्प लिया।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.