News@हरिश राठौड़
*पेटलावद।* सीबीएमओ डां. सुरेश कटारा के साथ मिटिंग में कलेक्टर द्वारा अभद्र व्यवहार करने को लेकर डॉ कटारा के समर्थन में स्वशासी चिकित्सा अधिकारी संघ के द्वारा सीएमएचओ को ज्ञापन सौंप कर डॉक्टर के साथ हुए अभद्र व्यवहार की निंदा करते हुए लगाये गए मनगढत आरोप,दबाव में बनाये गये प्रतिवेदन आदि के विरूद्व उचित कार्यवाही की मांग की गई है। ज्ञापन संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. संदीप चोपडा के नेतृत्व में सौंपा गया।
डॉ कटारा ने एक पत्र स्वशासी चिकित्सा अधिकारी संघ के जिलाध्यक्ष डॉ संदीप चोपडा को दिया जिसमें उन्होंने बताया कि दिनांक 21 फरवरी को कलेक्टर सभागृह में आयोजित जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कलेक्टर नेहा मीणा द्वारा भरी सभा में मुझे अपशब्द कहे एवं गेट आउट कहकर बैठक से बाहर कर दिया। इतना ही नहीं गार्ड बुलाकर मुझे बाहर करने की धमकी दी गई। जबकी मेरे द्वारा पूछी गई सभी जानकारी मौखिक व रिकार्ड अनुसार प्रस्तुत कर दी गई। किंतु वैमनस्यता के चलते एक चिकित्सक के साथ दुर्व्यवहार किया गया। जो की चिकित्सक पद की गरिमा एवं स्वाभीमान को ठेस पहुंचाने वाला है।
पत्र में डॉ कटारा ने बताया कि दुर्व्यवहार का एक मात्र कारण आईएएस एटीट्यूड है। इसके अतिरिक्त और कुछ भी नहीं। आए दिन आईएएस अधिकारी बिना किस कारण बैठकों में तमाम अधिकारीयों कर्मचारियों के सामने ,चिकित्सकों को मरीजों और उनके परिजनों के सामने अभद्र व्यवहार करते है। कलेक्टर द्वारा किये गये दुव्यवहार के बैठक में उपस्थित चिकित्सक व स्वास्थ्यकर्मी साक्षी है। साथ ही बैठक के बाद कलेक्टर के द्वारा चिकित्सकों पर दबाव बनाकर मेरे द्वारा दुर्व्यवहार करने का झूठा प्रतिवेदन पर हस्ताक्षर करवाये गये।
इस प्रकार पूरे घटनाक्रम का विवरण देते हुए पूरे प्रकरण में उचित कार्यवाही की मांग की गई।


