News@ हरीश राठोड
पेटलावद। बुधवार को महाशिवरात्रि पूरे क्षेत्र में बडे हर्षोउल्लास के साथ मनाई जायेगी। जिसकी तैयारियां प्रांरभ हो चुकी है। वहीं कई मंदिरों में शिव पार्वती विवाह उत्सव को लेकर मेहंदी, हल्दी आदी की रस्म भी निभाई जा रही है। शिव भक्तों में महाशिवरात्रि को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। जिसके लिए मंदिरों की सफाई, रंग रोगन और आकर्षक विद्युत सज्जा आदि प्रक्रियाएं प्रारंभ हो चुकी है।
नर्मदेश्वर महादेव में शिव विवाह का आयोजन।
नगर के नर्मदेश्वर महादेव तेजाजी मंदिर राजपुरा पर भी भगवान शिव पार्वर्ती विवाह की रस्मों का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें भगवान की माताजी पूजन, चाक बदाना, हल्दी -मेंहदी और अन्य सभी रस्मों को भक्तगण श्रद्वा के साथ कर रहे है। बकायदा ढोल ढमाकों के साथ टेंट लगाकर विवाह उत्सव मनाया जा रहा है। जिसमें मोहल्ले की महिलाएं बढचढ कर हिस्सा ले रही है। और माताजी पूजन के बाद स्वल्पाहार में कुल्फी का वितरण किया गया। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर तेजाजी मंदिर पर महिला मंडल के द्वारा प्रसादी की रूप में फरियाली खिचडी व केसर दूध का वितरण भक्तों को किया जायेगा।
नगर के मुख्य शिव मंदिर निलकंठेश्वर महादेव मंदिर से प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष में भी भगवान की भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। नगर में लगातार 28 वर्षो से शिव मित्र मंडल के तत्वाधान में भगवान भोलेनाथ की शोभायात्रा निकाली जायेगी। जिसमें विभिन्न प्रांतो के कलाकार धार्मिक प्रस्तुतियां देकर सभी का मन मोह लेगें।
इसके साथ ही नगर के अन्य मंदिर फूटा मंदिर यानी भूतेश्वर महादेव मंदिर पर भी विशेष तैयारियां चल रही है। जहां पर भी भक्तों की भारी भीड उमडती है। इसके साथ ही कुबरेश्वर महादेव मंदिर, शनि मंदिर स्थित पातालेश्वर महादेव मंदिर, भेरू चौक स्थित महादेव मंदिर व माधव कालोनी के महादेव मंदिर पर भी विशेष साज सज्जा और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन रखा गया है।



