काकनवानी और सेमलिया जन कल्याण शिविरों में पहुंचे कलेक्टर.... यूसीसी सुझाव, फार्मर आईडी एवं जनसमस्याओं पर किया संवाद ......





थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट 

कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने जनपद पंचायत थांदला अंतर्गत क्लस्टर काकनवानी एवं सेमलिया में आयोजित जन कल्याण शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभागीय अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


क्लस्टर काकनवानी में कलेक्टर ने ग्रामीणों को समान नागरिक संहिता (यूसीसी) के संबंध में शासन द्वारा आमजन से सुझाव प्राप्त किए जाने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नागरिक अपने विचार एवं सुझाव मोबाइल के माध्यम से भी दर्ज करा सकते हैं। कलेक्टर ने संबंधित सचिवों एवं पटवारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने ग्राम पंचायत क्षेत्रों मं अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाकर सुझाव प्राप्त करें, ताकि जनभावनाओं के अनुरूप प्रभावी नीति निर्माण किया जा सके।


कलेक्टर ने कहा कि जन कल्याण शिविर तीन दिवस तक आयोजित किए जा रहे हैं, इसलिए कोटवारों के माध्यम से व्यापक सूचना देकर अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों से संबंधित सभी आवेदन, विशेषकर खसरा-खतौनी, राजस्व अभिलेख एवं अन्य विभागीय आवेदनों का विधिवत पंजीयन किया जाए तथा उनका निराकरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का समयसीमा में निराकरण करने के निर्देश भी दिए।


कलेक्टर ने किसानों को फार्मर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि उर्वरक वितरण की व्यवस्था ई-विकास प्रणाली के तहत ई-टोकन के माध्यम से संचालित की जा रही है। किसानों को ई-टोकन जारी होने के बाद उनकी आवश्यकता के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि ई-टोकन व्यवस्था से पारदर्शिता बढ़ेगी तथा उर्वरकों की कालाबाजारी पर प्रभावी रोक लगेगी। अधिकारियों को विभागीय योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों तक पहुंचाने एवं पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश भी दिए।


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने पाया कि ग्राम पंचायत काकनवानी एवं प्लासडोर में शिविर की पर्याप्त सूचना का प्रचार-प्रसार नहीं किया गया था। इस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की एवं ग्राम पंचायत काकनवानी के सचिव सुरेश डामोर को निर्देशित किया कि सूचना समय पर दी जाए। महिला एवं बाल विकास विभाग के सीडीपीओ बहादुर सस्तिया शिविर में अनुपस्थित पाए गए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारी के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए। शिविर में ग्रामीणों ने पेयजल संबंधी समस्याएं एवं समग्र आईडी से संबंधित शिकायतें भी रखीं, जिनके निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए।


क्लस्टर सेमलिया में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर ने ग्रामीणों को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए कहा कि सर्पदंश की स्थिति में किसी भी प्रकार का जोखिम न लें तथा तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर एंटी-स्नेक वेनम इंजेक्शन लगवाएं। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा लगाए जा रहे जन कल्याण शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देना, उनकी समस्याएं सुनना तथा मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करना है।


कलेक्टर ने ग्रामीणों से आयुष्मान कार्ड की उपलब्धता के बारे में जानकारी ली तथा पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने यूसीसी के संबंध में भी ग्रामीणों से फीडबैक प्राप्त किया तथा पटवारी एवं सचिवों को अधिक से अधिक सुझाव एकत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लेकर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।


सेमलिया शिविर में ग्रामीणों द्वारा टूटे हुए विद्युत पोल तथा मुनिया फलिया एवं भाभोर फलिया में विद्युत आपूर्ति संबंधी समस्याएं बताई गईं। इस पर कलेक्टर ने एमपीईबी के मीटर रीडर को समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कहा कि जन कल्याण शिविर शासन और आमजन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम हैं तथा इन शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ तथा नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।


इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व थान्दला श्री भास्कर गाचले एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.