अवैध खनन एवं परिवहन पर खनिज विभाग की कार्यवाही, पांच वाहन जप्त.....



News@ हरीश राठोड 

पेटलावद    कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशों के पालन में खनिज अधिकारी झाबुआ श्री जुवानसिंह भिडे द्वारा 18 जून 2026 को सीएम हेल्पलाइन शिकायत की जांच के दौरान अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कार्यवाही करते हुए पांच वाहनों को जप्त किया गया।

कार्रवाई के दौरान ग्राम खवासा, तहसील थांदला में ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी-45-एसी-1155 को मिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए जप्त किया गया। उक्त वाहन चालक श्री अशोक पिता रामचंद्र सिंगाड़ निवासी मखोड़िया खवासा तथा वाहन स्वामी श्री शांतिलाल पिता पन्नालाल निवासी खवासा की उपस्थिति में वाहन को पुलिस चौकी खवासा की अभिरक्षा में सौंपा गया।

इसी प्रकार ट्रैक्टर-ट्रॉली क्रमांक एमपी-43-एसी-7357 को खनिज गिट्टी का अवैध परिवहन करते हुए जप्त किया गया। वाहन चालक श्री संतोष पिता ढोला निवासी रावटी, जिला रतलाम की उपस्थिति में उक्त वाहन को पुलिस चौकी बामनिया की अभिरक्षा में दिया गया।

इसके अतिरिक्त कृषि उपज मंडी पेटलावद क्षेत्र में खनिज मुरूम का अवैध उत्खनन करते हुए एक जेसीबी क्रमांक एमपी-43-ज़ेडडी-5861 एवं दो बिना नंबर के ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त किए गए। यह कार्यवाही अवैध उत्खननकर्ता श्री कचरू पिता शंकरलाल राठौर निवासी रायपुरिया रोड, पेटलावद की उपस्थिति में की गई तथा जप्त वाहन थाना पेटलावद की अभिरक्षा में सौंपे गए।

जप्त किए गए सभी पांच वाहनों के विरुद्ध म.प्र. खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के अंतर्गत अवैध उत्खनन एवं परिवहन का प्रकरण पंजीबद्ध कर अर्थदंड अधिरोपित किए जाने हेतु प्रकरण अपर कलेक्टर न्यायालय को प्रेषित किए जाएंगे।

खनिज विभाग द्वारा जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध सतत कार्यवाही जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.