झाबुआ के गंगाखेड़ी में कुएं से मिला देवर-भाभी का शव, दो दिन से थे लापता...




News@हरिश राठौड़

पेटलावद करवड़ चौकी अंतर्गत गंगाखेड़ी के पास खाखरापाड़ा मार्ग पर स्थित एक कुएं में आज सुबह एक महिला और एक पुरुष का शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतका की पहचान सपना पत्नी राहुल प्रजापत और मृतक की पहचान श्याम पिता कैलाश प्रजापत के रूप में हुई है, जो आपस में रिश्ते में देवर-भाभी लगते थे। दोनों ही शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं।

घटना की जानकारी तब लगी जब सुबह ग्रामीणों ने कुएं के पास एक बाइक खड़ी देखी और पास जाकर देखने पर उन्हें कुएं के अंदर दो शव दिखाई दिए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस और करवड़ चौकी की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को कुएं से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है और पुलिस इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रही है।

गौरतलब है कि दोनों के लापता होने की रिपोर्ट दो दिन पूर्व ही पेटलावद पुलिस थाने में दर्ज करवाई गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही पेटलावद थाना प्रभारी निर्भय सिंह भूरिया और करवड़ चौकी प्रभारी प्रहलाद सिंह चुंडावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। मौके पर मौजूद परिजनों और ग्रामीणों की भारी भीड़ के बीच पुलिस ने पंचनामा तैयार किया। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है ताकि घटना के कारणों का स्पष्ट पता लगाया जा सके।





एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.