थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
थांदला क्षेत्र में वाहन चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। ग्राम चैनपुरी सेमलिया निवासी कालू पिता मुकेश डामोर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (क्रमांक MP-45-ZJ-1453) दिनांक 10 जून 2026 को चोरी हो गई थी। अब इस मामले ने नया मोड़ ले लिया है। एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा वाहन मालिक को फोन कर 10 हजार रुपये की मांग की जा रही है और बदले में चोरी हुई बाइक की लोकेशन बताने का दावा किया जा रहा है।
पीड़ित कालू डामोर ने बताया कि पिछले दो दिनों से एक अनजान नंबर से लगातार कॉल आ रही है। कॉल करने वाला व्यक्ति कह रहा है कि 10 हजार रुपये फोन-पे कर दो, जिसके बाद वह मोटरसाइकिल की लोकेशन बता देगा। हैरानी की बात यह है कि उक्त व्यक्ति बाइक का इंजन नंबर और चेसिस नंबर भी सही-सही बता रहा है। इतना ही नहीं, उसने व्हाट्सएप पर वाहन से संबंधित जानकारी भी भेजी है।
घटना के बाद से सेमलिया सहित आसपास के गांवों में चिंता का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी के बाद वाहन मालिकों से संपर्क कर पैसों की मांग करने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो सकता है। लोगों के बीच चर्चा है कि पहले वाहन चोरी किए जाते हैं और बाद में मालिकों को ब्लैकमेल कर राशि वसूली जाती है।
पीड़ित ने मोटरसाइकिल चोरी होने की रिपोर्ट थांदला पुलिस में दर्ज करा दी है। साथ ही अज्ञात व्यक्ति द्वारा 10 हजार रुपये की मांग किए जाने की जानकारी भी पुलिस को दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।



