थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
9 मोहर्रम की शाम थांदला नगर में अकीदत और भाईचारे का अनूठा नजारा देखने को मिला। "या हुसैन-या हुसैन" की सदाओं से पूरा नगर गूंज उठा। ताजियों के जुलूस में हजारों की संख्या में लोगों ने भाग लिया, जिससे नगर के प्रमुख मार्ग श्रद्धालुओं से भर गए।
जुलूस की संवेदनशीलता और भारी भीड़ को देखते हुए झाबुआ पुलिस अधीक्षक (SP) स्वयं थांदला पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। उन्होंने जामा मस्जिद, गांधी चौक से लेकर पिपली चौराहा तक पूरे जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया तथा थांदला थाना प्रभारी एवं ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी की मौजूदगी से पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आया। जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार एवं SDOP के नेतृत्व में 100 से अधिक पुलिस जवानों की तैनाती की गई थी।
शाही जुलूस ढोल-ताशों और मातमी धुनों के साथ निर्धारित मार्गों से होकर गुजरा। वहीं बिजली विभाग ने भी विशेष व्यवस्था करते हुए जुलूस के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पूरे आयोजन के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे का वातावरण बना रहा, जिसने थांदला की गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल को एक बार फिर मजबूत किया।



