News@हरिश राठौड़
पेटलावद।। लायंस क्लब ऑफ पेटलावद ग्रेटर द्वारा नवीन सत्र का शुभारंभ राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस (डॉक्टर्स डे)l के अवसर पर नगर के वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान कर गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज सेवा में समर्पित चिकित्सकों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करना था।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. एस. के. महाजन ने कहा कि चिकित्सकों की सेवाओं का सम्मान करना उनके प्रति समाज की कृतज्ञता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि मानव सेवा में निरंतर जुटे चिकित्सकों को अनेक चुनौतियों और कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे सम्मान समारोह उनके लिए प्रेरणा और उत्साहवर्धन का कार्य करते हैं।
स्वागत उद्बोधन में क्लब के नवनियुक्त अध्यक्ष लायन वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि परमार्थ एवं मानव सेवा में समर्पित व्यक्तित्वों का सम्मान करना क्लब के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि लायंस क्लब सदैव समाजहित के कार्यों को प्राथमिकता देता रहा है और आगे भी सेवा के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।
इस अवसर पर रीजन चेयरपर्सन लायन अनिल शर्मा ने डॉक्टर्स डे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि चिकित्सकों को भगवान का दूसरा स्वरूप माना जाता है। वे अपने ज्ञान, समर्पण और सेवा भाव से असंख्य लोगों को नया जीवन प्रदान करते हैं, इसलिए उनका सम्मान पूरे समाज का दायित्व है।
डॉ. अखिलेश सोराडा ने कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह चिकित्सकों को और अधिक समर्पण एवं उत्साह के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा देते हैं। डॉ. प्रवेश उपाध्याय एवं डॉ. संजय पाटीदार ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के प्रारंभ में लायंस क्लब के सदस्यों ने सभी अतिथि चिकित्सकों का आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर डॉ. एस. के. महाजन, डॉ. अखिलेश सोराडा, डॉ. जुगल किशोर गुप्ता, डॉ. कमलेश भगोरा, डॉ. प्रवेश उपाध्याय, डॉ. पवन अग्रवाल, डॉ. संजय पाटीदार एवं डॉ. सुरेश प्रजापति का स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मान किया गया।
समारोह में एक्जिक्यूटिव केबिनेट सेक्रेटरी एवं रीजन सेक्रेटरी लायन सुरेश प्रजापति, जोन चेयरपर्सन जीवन भंडारी, रविराज पुरोहित, चंद्रशेखर गुप्ता, नवीन वैरागी, दिलीप पाटीदार, सुनील राठौड़, चेतन कटकानी, पवन गुप्ता सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन राजेश यादव ने किया, जबकि अंत में सचिव उषा प्रजापति ने सभी अतिथियों एवं उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।


