मुस्लिम समाज ने दिया शिक्षा के प्रति जागरूकता का संदेश... थांदला मुस्लिम पंच ने किया मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान ....

 







थांदला से इमरान खान 

थांदला- नूरी गार्डन में रविवार, 12 जुलाई को मुस्लिम पंच की ओर से आयोजित कैरियर गाइडेंस एवं हौसला अफजाई कार्यक्रम में मुस्लिम समाज के मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को शिक्षा के प्रति प्रेरित करना, उनकी मेहनत का सम्मान करना और समाज में शैक्षणिक वातावरण को मजबूत करना था।

कार्यक्रम में कक्षा 5वीं से 12वीं तक प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। 5वीं, 8वीं, 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं में 60 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों तथा 6वीं, 7वीं, 9वीं एवं 11वीं की स्थानीय परीक्षाओं में 70 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाले बच्चों को पुरस्कार प्रदान किए गए। बड़ी संख्या में विद्यार्थी, उनके अभिभावक एवं समाजजन कार्यक्रम में शामिल हुए।

मुस्लिम पंच के सदर हसमतुल्लाह खान ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही सफलता की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान उनकी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प का परिणाम है। साथ ही उन्होंने उन बच्चों का भी उत्साहवर्धन किया जिन्हें इस वर्ष पुरस्कार नहीं मिल सका। उन्होंने कहा कि निराश होने की आवश्यकता नहीं है, निरंतर मेहनत और लगन से अगले वर्ष वे भी सम्मान के हकदार बन सकते हैं।

समाजजनों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों में प्रतिस्पर्धा की भावना, आत्मविश्वास और शिक्षा के प्रति रुचि बढ़ाते हैं। शिक्षा को प्रोत्साहित करने की दिशा में मुस्लिम पंच का यह प्रयास समाज के लिए प्रेरणादायक माना गया इस अवसर पर मुस्लिम पंच सदर हसमतुल्लाह खान, नायब सदर मेरज़मान पठान, हाजी अब्दुल सलाम खान, पार्षद प्रतिनिधि फरजमान पठान, हाजी मोहम्मद अकबर खान, सरफराज भारती, नियाज़-उल-हक, रियाज़-उल-हक, रिज़वान निज़ामी, जमील अहमद खान,रज्जाक खान, इमरान खान, जावेद खान सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.