थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पूर्व BMO डॉ. भुवान सिंह डावर के कल्याणपुर तबादले के बाद नए BMO डॉ. कटारा ने पदभार ग्रहण किया है। इसी बीच अस्पताल में पीने के पानी की व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है।
अस्पताल में पीने के पानी की व्यवस्था बाधित होने से मरीजों, उनके परिजनों और स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल परिसर में नलों में पानी नहीं आने के कारण कई मरीजों के परिजनों को बाजार से पानी की बोतल खरीदनी पड़ रही है।
एक तीमारदार ने बताया कि अस्पताल में पीने के पानी की कोई व्यवस्था नहीं है और नलों में पानी नहीं आ रहा। उनका कहना है कि स्वास्थ्य केंद्र जैसी महत्वपूर्ण संस्था में यदि पीने का पानी जैसी बुनियादी सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी तो मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा।
यह स्थिति स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रही है। अब देखना होगा कि नए BMO डॉ. कटारा इस समस्या का कितनी जल्दी समाधान कर अस्पताल की मूलभूत सुविधाओं को सुचारु कर पाते हैं।
पक्ष जानने का प्रयास
इस संबंध में हमारे संवाददाता द्वारा नए BMO डॉ. कटारा का पक्ष जानने के लिए अस्पताल स्टाफ से उनका संपर्क नंबर मांगा गया, लेकिन स्टाफ ने बताया कि फिलहाल उनके पास भी नए BMO का संपर्क नंबर उपलब्ध नहीं है। ऐसे में इस मामले पर उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका। पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

