समाचार 20 न्यूज की खबर का असर: पानी के लिए तरस रहे मरीजों को मिली राहत, SDM भास्कर गाचले पहुंचे, सोमवार शाम को ही बोरवेल का कार्य शुरू
थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) में पेयजल संकट को लेकर समाचार 20 न्यूज में प्रमुखता से प्रकाशित खबर का तत्काल असर देखने को मिला। खबर सामने आने के कुछ ही घंटों बाद सोमवार शाम प्रशासन हरकत में आया और एसडीएम भास्कर गाचले स्वयं अस्पताल पहुंचे। उन्होंने अस्पताल का औचक निरीक्षण कर मरीजों, उनके परिजनों तथा अस्पताल स्टाफ से पानी की समस्या की जानकारी ली।
गौरतलब है कि पूर्व BMO डॉ. भुवान सिंह डावर के कल्याणपुर तबादले के बाद नए BMO डॉ. कटारा के पदभार संभालने के दौरान अस्पताल में पेयजल व्यवस्था प्रभावित हो गई थी। मरीजों और उनके परिजनों को पानी के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा था, जिससे उन्हें भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम भास्कर गाचले ने मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। प्रशासन की तत्परता से सोमवार शाम को ही अस्पताल परिसर में बोरवेल का कार्य शुरू कर दिया गया, जिससे जल्द ही अस्पताल में पेयजल संकट का स्थायी समाधान होने की उम्मीद है।
मरीजों, उनके परिजनों और अस्पताल स्टाफ ने प्रशासन की त्वरित कार्रवाई पर राहत जताई। स्थानीय लोगों ने कहा कि समाचार 20 न्यूज द्वारा मुद्दा प्रमुखता से उठाए जाने के बाद प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई की। क्षेत्रवासियों ने एसडीएम भास्कर गाचले के सक्रिय एवं संवेदनशील रवैये की सराहना की।



