मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे ओवरलोड वाहन.... हो रहा यातायात नियमों का उल्लंघन... जिम्मेदार बेख़बर......

 

फ़ोटो.ओवरलोड वाहन

समाचार 20 न्यूज

पेटलावद -- शहर सहित क्षेत्र में इन दिनों ओवरलोड वाहन धड़ल्ले से सड़कों पर मौत बनकर दौड़ रहे हैं, ओर हादसों को न्यौता दे रहे है। किन्तु परिवहन विभाग और पुलिस इस पर नकेल कसने में नाकाम साबित हो रही है, जिसका फायदा उठाकर वाहन चालक यातायात नियमों को खुलेआम तोड़ते हुए नजर आ रहे हैं। ओर यात्रियों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। 

यात्री वाहन बनें यमदूत ....

पेटलावद सहित क्षेत्र में सड़कों पर यात्री वाहन यमदूत बनकर दौड़ रहे हैं क्योंकि इन यात्री वाहनों में क्षमता से अधिक सवारियों को बिठाया जा रहा है, वाहनों में बच्चे, महिलाए एवं बुजुर्गों को भी इसी तरह ठूस-ठूस कर ले जाया जाता है, जिसमे टेम्पो,जीप, बसे आदि वाहनों की छत पर या वाहन के पीछे कैरियर पर यात्रियों को बैठाकर सड़कों पर नियमों का उल्लंघन करते वाहनों को दौड़ाया जा रहा है और खुलेआम यात्रियों की जान के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। ज्यादा पैसे कमाने के लालच में वाहन चालक यातायात नियमों को ताक पर रखकर ओवरलोड वाहनों को सड़कों पर दौड़ा रहे हैं, जिससे कभी भी कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।


परिवहन विभाग का उदासीन रवैया, नही होती कोई कार्यवाई ...

यातायात तथा परिवहन नियमों को ताक पर रखकर शहर के विभिन्न मार्गों पर ओवरलोड वाहन बेखौफ दौड़ रहे हैं। नियमों से बेपरवाह यह ओवरलोड वाहन लोगों के लिए जान की मुसीबत बने हुए हैं। इन ओवरलोड वाहन में नियमित चलने वाली दर्जनों बस से लेकर टेम्पो, जीप,  शामिल हैं, लेकिन सवारीयो की जान जोखिम में डाल रहे इन वाहनों पर नकेल कसने के लिए जिला परिवहन विभाग के द्वारा भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है, ओर परिवहन विभाग के उदासीन रवैए के चलते भी वाहन चालक बेखोफ नियमो का उल्लंघन कर रहे है।

पुलिस की चालानी कार्रवाई से नही रुके ओवरलोड वाहन.....

ओवरलोड वाहन तथा बिना कागजात सड़कों पर चलने वाले वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस के द्वारा चालानी कार्रवाई भी की जाती है, किंतु फिर भी सड़कों पर दौड़ रहे औवरलोड वाहन इस कार्रवाई से नहीं रुके, अभी भी सड़कों पर ओवरलोड वाहन आसानी से देखे जा सकते हैं, जो मौत बनकर सड़कों पर दौड़ रहे हैं। पुलिस व परिवहन विभाग को इस ओर ठोस कार्रवाई करने की आवश्यकता है। 

शहर में भी भारी व ओवरलोड वाहन से बनती है जाम की स्थिति ......

पेटलावद शहर में भारी वाहन के प्रवेश पर प्रतिबंध किया गया है। किंतु बावजूद उसके शहर में भारी व ओवरलोड वाहन प्रवेश कर जाते हैं। जिससे कई बार शहर में जाम की स्थिति भी निर्मित होती है, ऐसे में आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में शहर में प्रवेश करने वाले भारी व ओवरलोड वाहनों पर भी कार्रवाई करना जरूरी है। 

हो चुके है कई हादसे, लेना होगा सबक.....

क्षेत्र में यातायात नियमों को ताक पर रखकर सड़कों पर दौड़ रहे वाहनों के कारण अब तक कई हादसे हो चुके हैं, जिससे जिम्मेदारों को सबक लेना चाहिए और क्षेत्र में अभियान के रूप में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करना चाहिए। अन्यथा पूर्व में हुए हादसों की तरह लगातार हादसे होते रहेंगे।

''पुलिस के द्वारा ओवरलोड वाहन, बिना कागजात, बिना हेलमेट घूमने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है, अगर वाहन चालक यातायात नियमों का उल्लंघन करेंगे तो उनके खिलाफ और ठोस कार्रवाई की जाएगी - सूबेदार धर्मेंद्र पटेल, पुलिस थाना पेटलावद....

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.