पेटलावद जिले में रबी की फसलों का उपार्जन विभिन्न खरीदी केन्द्रों के माध्यम से किया जा रहा है। इसी के तहत कलेक्टर नेहा मीना द्वारा पेटलावद मंडी परिसर एवं निजी गोदाम में बनाये गए उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण किया गया। उक्त निरीक्षण में कलेक्टर द्वारा खरीदी केंद्र पर हुए पजीकरण, स्लॉट बुकिंग, उपार्जन, छटनी और मैकेनाइज्ड छलना, तोलकांटा आदि से संबंधित जानकारी ली गई।
इसी दौरान कलेक्टर द्वारा उपार्जन के लिए आये किसानों से बात कर उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली गई। जिसमें किसानों को खरीदी के एवज में किये गए भुगतान का ईपीओ (ई-पेमेंट ऑर्डर) और बैंक में कर्ज के ईपीओ में अंतर होने के कारण बैंक द्वारा अतिरिक्त ब्याज लिया जाता है तथा डिफ़ॉल्टर घोषित होने की समस्या बतायी गयी। जिसके तहत कलेक्टर द्वारा कृषि विभाग, खरीदी एजेन्सी और सहकारिता विभाग को संयुक्त रिपोर्ट पेश किये जाने के निर्देश दिये।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्री अनिल राठौर, उपसंचालक कृषि विभाग श्री नगीन रावत, जिला नागरिक आपूर्ति अधिकारी श्री संजय पाटिल, सहकारिता उपायुक्त श्री दिनेशचन्द्र भिड़े, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद श्री राजेश कुमार दीक्षित एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

