News@ हरीश राठोड
पेटलावद। नगर के युवा एवं प्रतिभाशाली अभिभाषक मनीष गवली को मध्यप्रदेश शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग द्वारा अतिरिक्त लोक अभियोजन अधिकारी पद पर नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति राज्यपाल महोदय के आदेशानुसार सचिव मुकेश कुमार द्वारा जारी की गई है। उनकी इस उपलब्धि पर पेटलावद न्यायालय सहित पूरे नगर में हर्ष का माहौल है।
नियुक्ति पर बधाइयों का सिलसिला देर शाम तक लगातार चलता रहा। वरिष्ठ अभिभाषकों, सहकर्मियों तथा नगर के विभिन्न सामाजिक एवं राजनीतिक संगठनों ने श्री गवली को शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उन्हें पुष्पमालाओं से सम्मानित भी किया गया।
अपनी नियुक्ति पर श्री गवली ने कहा कि, “शासन-प्रशासन ने जो जिम्मेदारी मुझे सौंपी है, उसका पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करूंगा। जरूरतमंदों को न्याय दिलाना मेरी प्राथमिकता रहेगी।" उन्होंने अपने वरिष्ठ मार्गदर्शकों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
नगरवासियों ने श्री गवली की इस उपलब्धि को प्रेरणादायक बताते हुए इसे पेटलावद के लिए गौरव का क्षण बताया।

.jpeg)