धार शहर बिजली विभाग के सहायक यंत्री श्री यू.एस. पाटीदार का पीथमपुर स्थानांतरण, स्टाफ ने दी यादगार विदाई; नवागत सहायक यंत्री गोकुल सिंह चौहान का किया स्वागत...

 




धार। मध्यप्रदेश पश्चिम क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी (एमपीपीकेवीवीसीएल) के धार शहर वितरण केंद्र में पदस्थ सहायक यंत्री श्री उमाशंकर पाटीदार के पीथमपुर स्थानांतरण पर विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भावभीनी विदाई देकर उनके सफल कार्यकाल को याद किया। इसी अवसर पर धार शहर में पदस्थ हुए नवागत सहायक यंत्री श्री गोकुल सिंह चौहान का पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत भी किया गया।


अपने तीन वर्षीय कार्यकाल के दौरान श्री पाटीदार ने स्मार्ट मीटर स्थापना, बकाया वसूली, उपभोक्ता शिकायतों के त्वरित निराकरण, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा वीआईपी कार्यक्रमों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। प्राकृतिक आपदाओं, आंधी-तूफान, भारी बारिश और रात्रिकालीन विद्युत व्यवधान जैसी कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने पूरी टीम के साथ मिलकर सेवाओं को सुचारु बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया।


विदाई समारोह को संबोधित करते हुए श्री उमाशंकर पाटीदार ने कहा कि धार में बिताए गए तीन वर्ष उनके जीवन की अमूल्य पूंजी रहेंगे। यहां उन्हें केवल सहकर्मियों का नहीं, बल्कि एक परिवार का स्नेह और सहयोग मिला। उन्होंने विशेष रूप से लाइन स्टाफ की मेहनत, समर्पण और जोखिमपूर्ण सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि विभाग की हर सफलता के पीछे पूरी टीम की एकजुटता और कड़ी मेहनत रही है।


उन्होंने भावुक होकर कहा कि यदि कार्य के दौरान किसी निर्णय या व्यवहार से किसी साथी की भावनाओं को ठेस पहुँची हो तो वे उसके लिए क्षमा प्रार्थी हैं। उनका प्रत्येक निर्णय सदैव विभाग, उपभोक्ताओं और टीम के हित को ध्यान में रखकर लिया गया।


समारोह में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री पाटीदार के सरल, मिलनसार और अनुशासित व्यक्तित्व की सराहना करते हुए उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया तथा पीथमपुर में नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएँ दीं। वहीं नवागत सहायक यंत्री श्री गोकुल सिंह चौहान का भी गर्मजोशी से स्वागत किया गया। कर्मचारियों ने उनका पुष्पगुच्छ देकर अभिनंदन किया और उन्हें पूर्ण सहयोग का विश्वास दिलाया। श्री चौहान ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए टीम भावना के साथ कार्य कर उपभोक्ताओं को बेहतर विद्युत सेवाएं प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया।


भावुक एवं आत्मीय वातावरण में आयोजित यह कार्यक्रम विदाई और स्वागत, दोनों अवसरों का साक्षी बना।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.