रूपगढ़ के पास भीषण सड़क हादसा.... दर्शन कर घर लौट रहे दो युवकों की दर्दनाक मौत, एक गंभीर.....

 


News@ हरिश राठौड़

पेटलावद ।  रूपगढ़ के निकट स्थित माही नहर की पुलिया पर सोमवार देर शाम एक भीषण सड़क दुर्घटना में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह हृदयविदारक हादसा उस समय हुआ जब तीनों युवक बाइक पर सवार होकर नंदर माता के दर्शन कर घर के लिए लौट रहे थे। मृतकों की पहचान खेरियापाड़ा निवासी विदेश पिता देवचंद गुंडिया और अरुण पिता सेतु भाभर के रूप में हुई है।

घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार, तीनों युवक सोमवार दोपहर को दर्शन के लिए रवाना हुए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचने पर परिजन उनकी तलाश में निकले थे। मंगलवार सुबह जब परिजन माही नहर पुलिया के पास पहुंचे, तो वहां भीड़ देखकर रुके और उन्हें दुर्घटना की जानकारी मिली। मृतक विदेश के परिवार में उनकी दो बेटियां हैं और अरुण का एक छोटा बेटा है। दोनों मृतकों के विवाहित होने के कारण उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हुए विष्णु पिता शांतिलाल गुंडिया को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए झाबुआ रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। मृतक विदेश के चाचा रमेश गुंडिया ने बताया कि उन्हें इस दुखद हादसे की सूचना मंगलवार सुबह ही प्राप्त हुई। फिलहाल, दोनों के शव पीएम के लिए पेटलावद हॉस्पिटल भेजे गए है। पेटलावद पुलिस मामले की जांच कर रही है ताकि दुर्घटना के सही कारणों का पता लगाया जा सके। इस खबर से पूरे खेरियापाड़ा क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.