खजूरी बिड़ धाम पर आर्याव्रत पत्रकार संघ का पौधारोपण नशा मुक्ति और पर्यावरण का दिया एक साथ संदेश....

 





थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट

थांदला। रविवार को खजूरी स्थित आस्था के प्रमुख केंद्र प्रसिद्ध बिड़ धाम मंदिर में आर्याव्रत पत्रकार संघ के तत्वावधान में भव्य पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर परिसर में छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण किया गया। मंदिर के पुजारी एवं ग्रामीणों ने संकल्प लिया कि प्रत्येक वर्ष पौधारोपण कर मंदिर परिसर को हरा-भरा एवं स्वच्छ बनाए रखा जाएगा।

कार्यक्रम में थाना प्रभारी अशोक कनेश, आर्याव्रत पत्रकार संघ के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलीम शेरानी, अधिवक्ता प्रकोष्ठ के प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पुरोहित तथा जिला अध्यक्ष हरीश राठौर विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्वयं फावड़ा चलाकर पौधे लगाए और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर थाना प्रभारी अशोक कनेश ने कहा कि बिड़ धाम केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि समाज सुधार का भी केंद्र है। यहां पुजारी जी द्वारा वर्षों से चलाया जा रहा नशा मुक्ति अभियान पुलिस प्रशासन के लिए भी प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि यदि युवा नशे से दूर रहेंगे तो अपराध स्वतः कम होंगे। उन्होंने आर्याव्रत पत्रकार संघ के इस सामाजिक अभियान की सराहना करते हुए भविष्य में भी हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया।

जिला अध्यक्ष हरीश राठौर ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज सेवा और पर्यावरण संरक्षण भी पत्रकारों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। बिड़ धाम जैसे धार्मिक स्थल पर पौधारोपण कर यह संदेश दिया गया है कि यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाए और उसकी देखभाल करे तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ और सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आर्याव्रत पत्रकार संघ आगे भी ऐसे जनहित एवं सेवा कार्य निरंतर करता रहेगा।

समाजसेवी एवं पूर्व सरपंच कैलाश डामोर ने कहा कि खजूरी बिड़ धाम क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रत्येक रविवार हजारों श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। पत्रकार संघ द्वारा किया गया पौधारोपण अत्यंत सराहनीय है। इससे मंदिर परिसर हराभरा होगा तथा श्रद्धालुओं को छाया और स्वच्छ वातावरण मिलेगा। उन्होंने बताया कि अब ग्रामीण भी मंदिर परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए संकल्पित हैं।

उन्होंने बताया कि बिड़ धाम माताजी की ख्याति मध्यप्रदेश, गुजरात और राजस्थान तक फैली हुई है। यहां प्रत्येक रविवार विशेष पूजा-अर्चना होती है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं। मंदिर के पुजारी कालिया जी पिछले कई वर्षों से नि:शुल्क रूप से लोगों को शराब एवं अन्य नशे की लत से मुक्त कराने का कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से सैकड़ों परिवारों का जीवन संवर चुका है और अनेक लोग नशामुक्त होकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ चुके हैं। श्रद्धालु इसे माताजी की कृपा एवं चमत्कार मानते हैं।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने पौधों की नियमित देखभाल करने तथा बिड़ धाम परिसर को स्वच्छ, सुंदर एवं हराभरा बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया।

कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे:
थाना प्रभारी अशोक कनेश, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सलीम शेरानी, अधिवक्ता प्रकोष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज पुरोहित, जिला अध्यक्ष हरीश राठौर, जिला उपाध्यक्ष मोहन परमार, बिड़ माता धाम के पंडित कालिया जी, धर्म प्रसाद, वरसिग गरवाल, मोहन पडियार, वीरेन भट्ट, विवेक व्यास, थांदला तहसील अध्यक्ष धीरज वाघेला, रमेशचंद्र सोलंकी, थांदला ग्रामीण तहसील अध्यक्ष उमेश पाटीदार, नीलिमा डाबी, पेटलावद तहसील अध्यक्ष अर्जुन ठाकुर, पीयूष राठौड़, राजेश काऊ जैन, राकेश डाबी, कोटवाल धूलेसिंह पारगी, बेलू बारिया, शाहिद खान, कुलदीप वर्मा, निसार शेरानी, प्रियांश डाबी, मुकेश मईडा, निलेश बारिया, दिनेश पारगी सहित बड़ी संख्या में पत्रकार साथी एवं हजारों ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
* Please Don't Spam Here. All the Comments are Reviewed by Admin.