थांदला से इमरान खान की रिपोर्ट
थांदला थाना क्षेत्र के ग्राम कलदेला में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। खेत में जुताई के दौरान ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसके नीचे दबकर एक किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा किसान गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दीवान पिता माना भाबर (33 वर्ष) एवं मथियास पिता कसन अपने खेत में ट्रैक्टर से जुताई कर रहे थे। दोपहर करीब 3 बजे खेत की ढलान पर ट्रैक्टर का संतुलन बिगड़ गया और वह पलट गया। हादसे में दोनों किसान ट्रैक्टर के नीचे दब गए।
चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रैक्टर को उठाकर दोनों को बाहर निकाला। हालांकि, तब तक दीवान की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
गंभीर रूप से घायल मथियास को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थांदला ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही थांदला पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस हादसे के बाद ग्राम कलदेला में शोक की लहर है। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल बना हुआ है।

