News@ इमरान खान
थांदला (झाबुआ)। झाबुआ जिले के थांदला क्षेत्र से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। ग्राम लालगढ़ निवासी चौथी पास मजदूर परमेश डामोर ने पुलिस अधीक्षक झाबुआ को आवेदन देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ धोखाधड़ी कर उसके नाम से कंपनी और बैंक खाता खोलकर करीब ₹158 करोड़ का लेन-देन किया गया।
आवेदन के अनुसार, परमेश डामोर ने बताया कि लगभग तीन वर्ष पहले राजस्थान के बांसवाड़ा जिले के खारचिया गांव निवासी राजेन्द्र डोडियार उसे मुंबई ले गया था। उसे बताया गया कि एक वित्तीय अनुदान (डोनेशन) योजना का फॉर्म भरने पर हर महीने ₹10,000 मिलेंगे। इसके बाद उससे कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर कराए गए और बाद में केवल ₹5,000 देकर योजना बंद होने की बात कह दी गई।
परमेश का कहना है कि कुछ समय बाद आयकर विभाग से नोटिस मिलने पर उसे पता चला कि उसके नाम से "कृष्णा ट्रेडिंग कंपनी" बनाकर एचडीएफसी बैंक में खाता खोला गया, जिसमें लगभग ₹158 करोड़ का लेन-देन दर्शाया गया है। उसने दावा किया कि उसे कंपनी, बैंक खाते या करोड़ों रुपये के लेन-देन की कोई जानकारी नहीं है और उसकी गरीबी व अशिक्षा का फायदा उठाकर उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग किया गया।
पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच, बैंक खाते और कंपनी से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


