पेटलावद के बामनिया रेलवे स्टेशन पर बुधवार रात करीब 9 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक का एक पैर कटकर अलग हो गया और सिर में गंभीर चोटें आईं।
मृतक की पहचान मुकेश, पिता जोगा माल पंथ बोराली निवासी युवक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने पीछे तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
मृतक अपने हंसमुख और मिलनसार स्वभाव के लिए क्षेत्र में जाना जाता था। उसके असमय निधन से परिवार, रिश्तेदारों, मित्रों और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।


